27 मई 2020 - 15:16
किसी भी देश के साथ ईरान के व्यापार का अमरीका से कोई संबन्ध नहींः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि दूसरे देशों के साथ ईरान के व्यापार का अमरीका से कोई संबन्ध नहीं है।

डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि एक मित्र देश के साथ ईरान के व्यापार का अमरीका से संबन्ध नहीं है।  उन्होंने बुधवार को मंत्रीमण्डल की बैठक में वेनेज़ोएला के लिए ईरान की ओर से भेजे गए टैंकर का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान के व्यापार में अमरीकी हस्तक्षेप, किसी भी क़ानून के हिसाब से उचित नहीं है।  ज्ञात रहे कि वेनेज़ोएला के तेल संकट को देखते हुए ईरान ने अमरीकी धमकियों और प्रतिबंधों के बावजूद, वेनेज़ुएला के लिए ईंधन ले जाने वाले पांच ईरानी तेल टैंकर भेजे हैं जिनमें से तीसरा तेल टैंकर वहां पहुंचने वाला है।

राष्ट्रपति रूहानी ने अपने संबोधन के दूसरे भाग में ईरान में कोरोना के संदर्भ में कहा कि खुशी की बात है कि ईरान के भीतर काफी हदतक कोरोना को नियंत्रित किया जा चुका है।  यही कारण है कि सीमाओं को धीरे-धीरे खोला जा रहा है।